BIG NEWS
- EC को सुप्रीम कोर्ट की दो टूक, कहा, 'नागरिकता आपका अधिकार क्षेत्र नहीं, मतदाता सूची संशोधन पर ध्यान दें'
- यमन में भारतीय नर्स निमिषा प्रिया को क्यों सुनाई गई मौत की सज़ा ?
- जस्टिस वर्मा के खिलाफ लोकसभा में आएगा महाभियोग प्रस्ताव, विपक्ष देगा साथ
- जनगणना 2026-27: पहली बार वेब पोर्टल के माध्यम से अपनी गिनती करेंगे नागरिक
वडोदरा में पुल ढहने से मरने वालों की संख्या 13 हुई

Public Lokpal
July 10, 2025

वडोदरा में पुल ढहने से मरने वालों की संख्या 13 हुई
वडोदरा: गुजरात के वडोदरा जिले में एक नदी पर बने पुल के ढहने से दो और शव बरामद होने के साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
पादरा कस्बे के निकट गंभीरा गाँव के पास बुधवार सुबह चार दशक पुराने पुल का एक हिस्सा ढह जाने से कई वाहन महिसागर नदी में गिर गए।
वडोदरा जिले के पुलिस अधीक्षक रोहन आनंद ने कहा, "बुधवार रात नदी से दो और शव बरामद होने के साथ ही पुल ढहने की घटना में मरने वालों की संख्या 13 हो गई है। घटना में घायल हुए पाँच लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है"।
जिन दो लोगों के शव रात में मिले, उनकी पहचान मेहराम हथिया (51) और विष्णु रावल (27) के रूप में हुई है।
अधिकारियों के अनुसार, मध्य गुजरात को राज्य के सौराष्ट्र क्षेत्र से जोड़ने वाले गंभीरा-मुजपुर पुल का एक स्लैब बुधवार सुबह लगभग 7 बजे ढह गया।
इससे पुल से गुजर रहे वाहन नदी में गिर गए।
आनंद ने बताया, बचाए गए नौ लोगों में से पाँच घायल हो गए और उनका वडोदरा के एसएसजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि घायलों में से किसी की भी हालत गंभीर नहीं है।
एक सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि सड़क एवं भवन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम उच्च स्तरीय जाँच के लिए गुरुवार सुबह तड़के यहाँ पहुँची।
एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियों द्वारा नदी में खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि वडोदरा के कलेक्टर अनिल धमेलिया सहित कई अधिकारी गुरुवार तड़के घटनास्थल पर पहुँचे और अभियान का निरीक्षण किया, जबकि राजस्व अधिकारियों और पुलिस की टीमों ने रात भर यहाँ डेरा डाला।