केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम का बड़ा हमला: बीजेपी में मेरी कैबिनेट से छुट्टी की रची जा रही साजिश

Public Lokpal
August 28, 2026

केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम का बड़ा हमला: बीजेपी में मेरी कैबिनेट से छुट्टी की रची जा रही साजिश


केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता जुएल ओराम ने अपनी ही पार्टी के कुछ नेताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए राजनीतिक हलचल तेज कर दी है।

उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि पार्टी के भीतर कुछ लोग उन्हें केंद्रीय कैबिनेट से बाहर करने और उनकी छवि को धूमिल करने के लिए सुनियोजित साजिश रच रहे हैं।

सुंदरगढ़ से सांसद ओराम ने बिना, किसी का नाम लिए पार्टी में दूसरे दलों से आए नए नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने चेतावनी दी कि वह इन ड्रामों से डरने वाले नहीं हैं और अपने विरोधियों को राजनीतिक रूप से मुंहतोड़ जवाब देंगे।

अपने एक करीबी प्रतिनिधि की गिरफ्तारी के बाद भड़के ओराम ने चुनावी राजनीति से संन्यास लेने के अपने पहले के फैसले को बदलते हुए भविष्य में फिर से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।

उन्होंने इस अंदरूनी कलह की शिकायत राज्य संगठन से कर दी है और जरूरत पड़ने पर केंद्रीय नेतृत्व से भी बात करने की बात कही है।