संताल परगना के नए प्रमंडलीय आयुक्त बने आईएएस शैलेंद्र कुमार लाल, दुमका से देवघर तक का है प्रशासनिक अनुभव

Public Lokpal
August 22, 2026
संताल परगना के नए प्रमंडलीय आयुक्त बने आईएएस शैलेंद्र कुमार लाल, दुमका से देवघर तक का है प्रशासनिक अनुभव
झारखंड प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए वर्ष 2013 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शैलेंद्र कुमार लाल को संताल परगना प्रमंडल, दुमका का नया प्रभारी प्रमंडलीय आयुक्त नियुक्त किया गया है। इस संबंध में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।
नई जिम्मेदारी संभालने से पहले वे झारखंड कौशल विकास मिशन सोसायटी में मिशन निदेशक के पद पर कार्यरत थे।
शैलेंद्र कुमार लाल का संताल परगना क्षेत्र से गहरा नाता रहा है। वे पूर्व में दुमका, बरहरवा और राजमहल में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के रूप में कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने देवघर में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) और नगर आयुक्त के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं।
इस क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और प्रशासनिक चुनौतियों से भली-भांति परिचित होने के कारण, उनकी इस नियुक्ति से प्रमंडल के विकास कार्यों में तेजी आने और प्रशासनिक व्यवस्था के और अधिक सुदृढ़ होने की पूरी उम्मीद है।

