सुल्तानपुर हादसे में सुरक्षित बचे राहुल गांधी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर टकराईं कई गाड़ियां

Public Lokpal
October 26, 2026
सुल्तानपुर हादसे में सुरक्षित बचे राहुल गांधी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर टकराईं कई गाड़ियां
सुल्तानपुर \ उ. प्र.: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी सोमवार सुबह उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उनके काफिले में शामिल कई वाहन आपस में टकरा गए, हालांकि राहुल गांधी पूरी तरह सुरक्षित हैं।
यह हादसा हलियापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत किलोमीटर 89.5 के पास उस समय हुआ, जब राहुल गांधी लखनऊ हवाई अड्डे से सुल्तानपुर जिला अदालत की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, काफिले में आगे चल रहे एक वाहन द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने के कारण पीछे चल रही कई गाड़ियां, जिनमें एम्बुलेंस और सुरक्षा वाहन शामिल थे, एक-दूसरे से टकरा गईं।
दुर्घटना में राहुल गांधी के मुख्य वाहन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। हालांकि, काफिले के पिछले हिस्से में चल रही गाड़ियों को नुकसान हुआ और उसमें सवार कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं तथा सुरक्षाकर्मियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
इस घटना के बाद राहुल गांधी का काफिला कड़ी सुरक्षा के बीच सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गया। वे 2018 के एक मानहानि मामले में विशेष एमपी-एमएलए अदालत के समक्ष पेश होने जा रहे थे।

