उत्तराखंड एसआईआर: 95 हजार से अधिक मतदाता अपात्र घोषित, कांग्रेस ने उठाए सवाल

Public Lokpal
September 27, 2026

उत्तराखंड एसआईआर: 95 हजार से अधिक मतदाता अपात्र घोषित, कांग्रेस ने उठाए सवाल


उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत बड़ा अपडेट सामने आया है।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने बताया कि लगभग 1.73 लाख फॉर्म-7 आवेदनों में से 95 हजार से अधिक मतदाताओं को 'इनएलिजिबल' (अपात्र) की श्रेणी में रखा गया है।

ये वे मतदाता हैं जो सत्यापन के दौरान मांगे गए दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके या सुनवाई में शामिल नहीं हुए।

इनमें से 85% से अधिक मामले मैदानी और घनी आबादी वाले जिलों—उधम सिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून और नैनीताल से जुड़े हैं। इस भारी संख्या को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।

विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने चुनावी प्रक्रिया और सॉफ्टवेयर के जरिए स्वतः फॉर्म-7 जनरेट होने पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

वहीं, सत्तारूढ़ भाजपा ने इसे मुख्य रूप से क्षेत्रीय पलायन और जनसंख्या स्थानांतरण का परिणाम बताया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद भी प्रक्रिया समाप्त नहीं होगी।

अपात्र घोषित किए गए नागरिक वैध दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दोबारा जुड़वा सकते हैं।