पहली बार सुब्रतो कप पर कब्जा कर झारखंड की बेटियों ने किया नाम रौशन

Public Lokpal
September 30, 2022

पहली बार सुब्रतो कप पर कब्जा कर झारखंड की बेटियों ने किया नाम रौशन


रांची : खेल जगत में झारखंड की बेटियों ने अपना नाम रौशन किया है। पहली दफा झारखंड ने सुब्रतो कप 2022 अपने नाम किया है। इस टीम के रांची पहुंचने पर इनका जोरदार स्वागत किया गया। राज्य बनने के बाद पहली बार स्कूल की बालिका टीम ने सुब्रतो कप राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता जीता है।

दिल्ली में आयोजित फाइनल मैच में मणिपुर को हराकर जब झारखंड की बेटियां रांची रेलवे स्टेशन पहुंची तो उनका जोरदार स्वागत हुआ। खिलाड़ियों के चेहरे पर आत्मविश्वास और भविष्य में और अधिक बेहतर करने का जज्बा साफ झलक रहा था। झारखंड की टीम ने बेस्ट स्कूल जूनियर गर्ल्स अंडर 17, विनर जूनियर गर्ल्स अंडर 17 और बेस्ट गोल कीपर के लिए मिले चेक के साथ अपनी तस्वीरें खिंचवाई।

बता दें कि पिछले दिनों दिल्ली में सुब्रतो कप राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता हुई थी। इसमें गुमला जिले के संत पैट्रिक हाई स्कूल की बालिका टीम फाइनल में पहुंची। टीम का मुकाबला मणिपुर के बांगोई हायर सेकेंडरी स्कूल से हुआ। जिसमे झारखंड की बेटियों ने मणिपुर की टीम को 3 ~1 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया।