महिला यात्री की मौत के बाद इंडिगो विमान की छत्रपति संभाजीनगर में आपात लैंडिंग

Public Lokpal
April 07, 2025

महिला यात्री की मौत के बाद इंडिगो विमान की छत्रपति संभाजीनगर में आपात लैंडिंग


मुंबई: इंडिगो एयरलाइंस के विमान में 89 वर्षीय महिला की मौत के बाद महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग कराई गई। हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि मुंबई-वाराणसी विमान ने रविवार रात चिकलथाना हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग कराई।

अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर की मूल निवासी सुशीला देवी मुंबई से विमान में सवार हुईं और बीच उड़ान में ही उनकी तबियत बिगड़ने लगी।

उन्होंने बताया कि विमान रात करीब 10 बजे मेडिकल आपात स्थिति के कारण चिकलथाना हवाई अड्डे पर उतरा। विमान उतरने पर मेडिकल टीम ने महिला की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

अधिकारी ने बताया कि एमआईडीसी सिडको पुलिस थाने ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं और विमान वाराणसी के लिए आगे की यात्रा पर निकल गया।

एयरलाइन के अनुसार, महिला के शव को छत्रपति संभाजीनगर स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है।