देवघर में हेलीकॉप्टर सेवा स्थगित, वैकल्पिक मैदान की तलाश जारी

Public Lokpal
August 21, 2026
देवघर में हेलीकॉप्टर सेवा स्थगित, वैकल्पिक मैदान की तलाश जारी
देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं के लिए शुरू की गई लोकप्रिय हेलीकॉप्टर सेवा तकनीकी अड़चन के कारण गुरुवार शाम से अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई है। अब तक यह सेवा हथगढ़ मैदान से संचालित हो रही थी, जहाँ से प्रतिदिन लगभग 100 श्रद्धालु 2850 रुपये प्रति व्यक्ति के शुल्क पर देवघर की हवाई परिक्रमा का आनंद उठा रहे थे।
सेवा के अचानक बंद होने से पर्यटकों और कांवरियों में निराशा है। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए नागर विमानन विभाग, रांची के निदेशक कैप्टन एसपी सिन्हा ने जिला प्रशासन से संपर्क किया है। विभाग ने जल्द से जल्द एक वैकल्पिक स्थल उपलब्ध कराने का आग्रह किया है, ताकि इस सेवा को दोबारा शुरू किया जा सके।
फिलहाल जिला प्रशासन और विमानन विभाग के अधिकारी नए और सुरक्षित मैदान की तलाश में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही कोई उपयुक्त वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित हो जाएगी, हेलीकॉप्टर सेवा को पुनः बहाल कर दिया जाएगा।

