श्रावणी मेला 2026: 24 अगस्त को देवघर के आसमान में सजेगा ‘शिवलोक’, सैकड़ों ड्रोन दिखाएंगे अद्भुत नजारा

Public Lokpal
August 19, 2026
श्रावणी मेला 2026: 24 अगस्त को देवघर के आसमान में सजेगा ‘शिवलोक’, सैकड़ों ड्रोन दिखाएंगे अद्भुत नजारा
राजकीय श्रावणी मेला 2026 को अलौकिक बनाने के लिए देवघर में खास तैयारी की गई है। पर्यटन विभाग की ओर से 24 अगस्त को शाम 7 बजे के बाद शिवलोक परिसर से दूसरी बार भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा।
इस आधुनिक डिजिटल लाइट शो में सैकड़ों स्वदेशी ड्रोन एक साथ उड़ान भरेंगे और आसमान में भगवान शिव, त्रिशूल, डमरू और बाबा बैद्यनाथ मंदिर से जुड़ी मनमोहक आकृतियां उकेरेंगे। इस अनूठे आयोजन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को तकनीक और आस्था का अद्भुत संगम दिखाना है।
प्रशासन के अनुसार, बाबा मंदिर की परिधि से 5 किलोमीटर के दायरे तक लोग इस भव्य नजारे का सीधा आनंद ले सकेंगे। भारी भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस ऐतिहासिक आयोजन से देवघर आने वाले शिवभक्तों का अनुभव और भी यादगार बनेगा।

