मैसूर जिले में स्लीपर बस और लॉरी की टक्कर 4 की मौत, 31 घायल

Public Lokpal
October 16, 2026
मैसूर जिले में स्लीपर बस और लॉरी की टक्कर 4 की मौत, 31 घायल
मैसूर:यह भीषण सड़क दुर्घटना सुबह करीब 4:30 बजे मैसूर जिले के पिरियापट्टन तालुक में हुई। बेंगलुरु से केरल के कोझिकोड जा रही निजी स्लीपर बस की विपरीत दिशा से आ रही एक लॉरी से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। 31 घायलों में से 3 की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज जारी है।
पुलिस ने चार में से तीन मृतकों की पहचान कर ली है, जिनमें बस चालक सुनील, बस कंडक्टर सुनाद और कोझिकोड (केरल) के रहने वाले यात्री आफताब शामिल हैं। चौथे मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। स्थानीय पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

