मां दुर्गा को फायरिंग कर दी गई सलामी, जानिये- कहां होती है ऐसी पूजा

Public Lokpal
September 26, 2022

मां दुर्गा को फायरिंग कर दी गई सलामी, जानिये- कहां होती है ऐसी पूजा


रांची : राजधानी में नवरात्रि को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। जगह-जगह आकर्षक पंडाल बनाये जा रहे हैं। नवरात्रि के पहले दिन सोमवार को मां शैलपुत्री की पूजा घर-घर में कलश स्थापना कर की गयी। इधर, डोरंडा स्थित जैप वन में नवरात्रि मनाने की अपनी परंपरा है। जैप-1 में नेपाली परंपरा से दुर्गा पूजा का आयोजन व पूजन  किया जाता है।

जैप वन में नवरात्रि के पहले दिन जवानों ने बंदूकों से फायरिंग कर मां दुर्गा को सलामी दी। इसके बाद विधि-विधान के साथ कलश स्थापना की गयी। जैप वन डिप्टी कमांडेंट वाईएस रमेश और उनकी पत्नी ने विधिवत पूजा की। विधिवत रूप से कलश स्थापना करने के बाद डिप्टी कमांडेंट वाईएस रमेश ने कहा कि 140 वर्ष से भी ज्यादा समय से जैप वन में मां दुर्गा की आराधना और उपासना जवान करते आ रहे हैं।

डिप्टी कमांडेंट ने कहा कि इस वर्ष उन्होंने भी अपने पूरे परिवार के साथ आकर पूजा अर्चना की है। इस दौरान जैप वन के जवान अपने हथियारों की भी विशेष पूजा करते हैं। इस परिसर में 9 दिन की यह पूजा पुलिस के जवानों के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। जैप वन में हर वर्ष नेपाली परंपरा से मां की आराधना की जाती है। नवमी पूजा के दिन बलि देने का भी रिवाज है जिसका प्रसाद जैप वन परिसर में रहने वाले सभी जवानों के घरों में भेजा जाता है।