सावन पूर्णिमा पर बाबा बैद्यनाथ धाम में उमड़ी शिवभक्तों की भारी भीड़

Public Lokpal
August 28, 2026
सावन पूर्णिमा पर बाबा बैद्यनाथ धाम में उमड़ी शिवभक्तों की भारी भीड़
राजकीय श्रावणी मेला 2026 के अंतिम चरण और सावन पूर्णिमा के पावन अवसर पर झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर में आस्था का अभूतपूर्व सैलाब देखने को मिला। अहले सुबह 04:28 बजे मंदिर के कपाट खुलते ही सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवरियों और शिवभक्तों द्वारा जलार्पण का सिलसिला शुरू हो गया।
पूरी देवघर नगरी और कांवरिया पथ केसरिया रंग में रंगा नजर आया। रूट लाइन से लेकर मंदिर परिसर तक हर-हर महादेव और 'बोल बम' के गूंजते जयघोष से पूरा वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
सावन पूर्णिमा के इस विशेष दिन पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम जलार्पण सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा।
अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों ने रूट लाइन से लेकर मंदिर परिसर तक लगातार निगरानी रखी, ताकि देश के कोने-कोने से पहुंचे शिवभक्तों को कतारबद्ध तरीके से दर्शन और जलाभिषेक करने में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मेले के इस अंतिम पड़ाव पर श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा।

