झारखंड: कांग्रेस नेता कमलेश नारायण शर्मा की घर में हत्या, पत्नी गंभीर रूप से घायल

Public Lokpal
October 16, 2021

झारखंड: कांग्रेस नेता कमलेश नारायण शर्मा की घर में हत्या, पत्नी गंभीर रूप से घायल


रामगढ़: झारखंड में एक 60 वर्षीय कांग्रेस नेता की शनिवार को रामगढ़ जिले में उनके आवास पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने कहा कि नेता की पत्नी गंभीर रूप से घायल पाई गई।

एक अधिकारी ने कहा, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शुक्रवार की रात अज्ञात लोग कांग्रेस के पूर्व जिला महासचिव कमलेश नारायण शर्मा के भुरकुंडा पुलिस चौकी क्षेत्र के सेंट्रल सौंडा कॉलोनी स्थित आवास में खिड़की से घुसे और लोहे की रॉड से वार कर उन्हें और पत्नी चंचला शर्मा को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

उन्होंने कहा कि 55 वर्षीय चंचला शर्मा को रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि यह हत्या का मामला है और मकसद का पता लगाने के लिए हर नजरिये से जांच की जा रही है।

कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद ने घटनास्थल का दौरा किया और कहा कि वह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात करेंगी और हत्या की सीआईडी ​​जांच की मांग करेंगी। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "मैं नृशंस हत्या की निंदा करती हूं और मांग करती हूं कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और कड़ी सजा दी जाए।"